सेल्मा लागरलोफ (1858-1940) स्वीडिश उपन्यासकार थी। 1909 ई० में साहित्य में नोबेल पुरस्कार विजेता।
सेल्मा लागरलोफ | |
---|---|
जन्म | 20 नवम्बर, 1858 स्वीडन, |
मौत | 16 मार्च, 1940 |
पेशा | साहित्य |
भाषा | स्वीडिश |
राष्ट्रीयता | स्वीडिश |
काल | आधुनिक |
विधा | उपन्यास |
सेल्मा लागरलोफ का जन्म 20 नवंबर, 1858 को वार्मलैंड में हुआ था। इनका पूरा नाम सेल्मा ओटिलियाना लोविसा लागरलोफ (Selma Ottiliana Lovisa Lagerlof) था। सेल्मा को नोबेल पुरस्कार मिलने के रूप में उनके देश स्वीडन में भी किसी को पहली बार नोबेल पुरस्कार प्राप्त हुआ था तथा वह विश्व में भी पहली लेखिका थी जिन्हें नोबल पुरस्कार प्राप्त हुआ था।
सेल्मा की अवस्था जब केवल साढ़े तीन वर्ष की थी तभी अपने पिता के साथ एक तालाब में नहाने के कारण उन्हें एक प्रकार के लकवे की-सी बीमारी हो गयी थी। इससे छुटकारा मिलने में उन्हें काफी समय लगा और इसके बावजूद इसका कुछ न कुछ असर उन पर जीवन भर रहा।
सेल्मा का जन्म एक अच्छे परिवार में हुआ था। उनके पिता लेफ्टिनेंट लागरलोफ बड़े ही खुशदिल, साहसी और विख्यात पुरुष थे। वे सेना से अवकाश प्राप्त करने के बाद घर पर ही रहते थे और प्रायः अपने पुराने साथियों की मेहमानदारी में लगे रहते थे। सेल्मा की शिक्षा का वे खास ध्यान रखते थे तथा उन्हें स्वीडन का प्राचीन इतिहास और अपने वंश की परंपरागत कथाएँ बड़े चाव से सुनाते थे। सेल्मा के लेखन पर इसका काफी प्रभाव पड़ा है। सेल्मा की माता एक राजमंत्री की कन्या थी और उनके पितृगृह में दो पीढ़ी से राजमंत्रित्व का ही कार्य होता था। इस प्रकार सेल्मा भी गृह-प्रबंध तथा मेहमानदारी में पूर्णतः पटु और सक्षम हो गयी थी।
कुछ समय तक अध्यापन से जुड़ी सेल्मा बाद में पूरी तरह से लेखन के प्रति समर्पित हो गयी थी। नोबेल पुरस्कार प्राप्त होने पर सम्राट् ने उन्हें दावत देकर सम्मानित किया था। सेल्मा अपने पिता की कृतज्ञ थी कि साहित्यिक भावनाएँ उन्हीं के प्रोत्साहन से प्राप्त हुई थीं। सेल्मा छह भाषाओं की ज्ञाता थी।
सेल्मा पर माता-पिता के प्रभाव के अतिरिक्त बचपन में सर्वाधिक प्रभाव बेलमैन की कविताओं का पड़ा था। बाद में स्टॉकहोम के शिक्षक महाविद्यालय में 25 चुने हुए उम्मीदवारों में शामिल होने पर बेलमैन के अतिरिक्त रयूनबर्ग की कविताओं तथा उनके संबंध में व्याख्यानों का भी सेल्मा पर बेहद रचनात्मक प्रभाव पड़ा।
सेल्मा की कहानियों में किसानों, मछुआरों, बच्चों और पशुओं के आंतरिक संबंधों का विश्लेषण सुंदर रूप से हुआ है। शासन की ओर से प्रदत्त यात्राओं का भी उसने रचनात्मक उपयोग किया है। 1909 ई० में उनके समग्र साहित्य को ध्यान में रखते हुए नोबेल पुरस्कार दिया गया। उस समय स्वीडिश एकेडमी ने कहा था:
सेल्मा लागरलोफ से संबंधित मीडिया विकिमीडिया कॉमंस पर उपलब्ध है। |